युवा पीढ़ी जीवन के लक्ष्य को पहचाने-प्रितपाल पन्नू

करनाल, 26 नवंबर (राजेंद्र कुमार): देश की भावी पीढ़ी को अपनी ताक़त, कमज़ोरियों और भविष्य में आने वाली अड़चनों की पहचान कर जीवन के अवसरों का लाभ उठाते हुए आगे बढ़ना होगा। जीवन के लक्ष्यों को सफलता पूर्वक हासिल करने के साथ साथ राष्ट्र, समाज, परिवार व अपने संस्थान के प्रति अपनी जिम्मदारियों का निर्वहन करते हुए ज़िम्मेदार नागरिक बनना होगा, तभी ये देश आगे बढ़ेगा और विश्व गुरु का खोया हुआ स्थान हासिल करेगा। ये उद्ग़ार आज नेशनल इंटीग्रेटेड फ़ोरम ऑफ़ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स (निफा) के संस्थापक अध्यक्ष प्रीतपाल सिंह पन्नु ने व्यक्त किए। वे 26 नवम्बर से 26 जनवरी देश की बात कार्यक्रम की शुरुआत पर बोल रहे थे। एम डी डी बाल भवन के प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत 15 वर्ष पूर्व मुंबई में हुए आतंकवादी हमले में शहीद हुए कमांडो, पुलिस कर्मी व नागरिकों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई व शहीदों की याद में दो मिनट का मौन रखा गया। पन्नु ने बाल भवन के बच्चों को स्वॉट एनाइलिसिस करने का तरीक़ा बताया व साथ ही जीवन में बुलंदियों को छूने के लिए लक्ष्य निर्धारण व प्राप्ति के रास्ते की जानकारी दी। निफा संयोजक एडवोकेट नरेश बराना ने कहा कि देश केवल बिल्डिंग या सड़कों आदि से नहीं बनता बल्कि देश हम सब नागरिकों से बनता है। इसलिए जैसा देश के नागरिकों का चरित्र व कार्य होंगे वैसा ही विश्व में देश की छवि बनेगी। उन्होंने सभी बच्चों को राष्ट्र के प्रति समर्पण को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। एम डी डी बाल भवन के संस्थापक निदेशक पी आर नाथ ने कहा कि निफा ने हमेशा उनके संस्थान के बच्चों की बेहतरी के लिए कार्य किया है व आज के इस आयोजन से उनके बच्चों में जीवन के प्रति सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है। बाल भवन के प्रधान परमिंद्र पाल सिंह ने देश की बात आयोजन को समाज व राष्ट्र की भावी पीढ़ी को संस्कारित करने और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए लाभकारी प्रयास बताया। आयोजन में निफा के ज़िला सचिव हितेश गुप्ता, युवा विंग के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गौरव पुनिया, शहरी प्रधान मनिंदर सिंह, ज़िला कार्यकारिणी से कपिल शर्मा व मुकुल गुप्ता उपस्थित रहे।
बॉक्स
इस अवसर पर “मेरे सपनों का भारत” विषय पर करवाई गई पोस्टर प्रतियोगिता में अंजली के पोस्टर को पहला स्थान दिया गया, शिल्पा के पोस्टर को द्वितीय पुरस्कार मिला व काजल व पूनम को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान दिया गया। इन सभी बच्चों को प्रथम, द्वितीय व तीसरे स्थान के पुरस्कार प्रदान किए गए व बाक़ी सभी बच्चों को प्रतिभागिता प्रमाण पत्र दिये गये।



