टिकट चेकिंग स्टाफ ने ट्रेन में यात्री का छूटा सामान सुरक्षित वापिस किया

जम्मूतवी (कटड़ा) ,12 अक्टूबर (देव सहगल / गगन अरोड़ा): बुधवार को 11 गाड़ी संख्या 12475 (हापा से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस) के कोच संख्या एस-2 में दो यात्री अहमदाबाद से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा तक यात्रा कर रहे थे। जब गाड़ी जम्मूतवी स्टेशन पर रुकी तब यात्री पानी लेने स्टेशन पर उतर गए। उनके वापिस आने से पहले गाड़ी अपने गंतव्य की ओर बढ गई और यात्री स्टेशन पर ही रह गए। उनका सारा सामान ट्रेन में ही रह गया। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना सीआईटी कार्यालय आकर सीआईटी इंचार्ज अब्दुल रशीद को दी। जिस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए ट्रेन में ऑन ड्यूटी चैकिंग स्टाफ से संपर्क किया गया। जिसके बाद चैकिंग स्टाफ को एस-2 कोच में भेज सामान चेक करवाया जो ट्रेन में सुरक्षित मिला। इसके बाद श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा में ऑन ड्यूटी चैकिंग स्टाफ से संपर्क किया गया और पूरा विवरण बताया गया। उसके बाद जब गाड़ी कटड़ा पहुंची तो चैकिंग स्टाफ ने सारा सामान अपने पास सुरक्षित रख लिया। जिसके बाद यात्रियों को पीछे से आ रही मालवा एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12919) से कटड़ा भेजा गया। जिसपर कटड़ा पहुंचकर यात्रियों को ट्रेन में छूटा अपना पूरा सामान वापिस सुरक्षित मिल गया। इस पर यात्रियों ने समस्त टिकट चैकिंग स्टाफ और भारतीय रेलवे का आभार व्यक्त किया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शुभम कुमार ने अब्दुल रशीद को इस सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित करने की घोषणा की है।



